गोमती नगर में कला के नए रंग—चित्रकथी आर्ट स्कूल की नई शाखा का भव्य उद्घाटन
चित्रकथी आर्ट स्कूल की गोमतीनगर शाखा का शुभारम्भ – पारंपरिक कला और संस्कृति को सहेजकर जीवित रखते हुएआत्मनिर्भर बनने के संकल्प की ओर एक और क़दम

लखनऊ। शहर की सांस्कृतिक पहचान और रचनात्मक ऊर्जा को नई दिशा देने की पहल के तहत शुक्रवार, 6 मार्च 2026 को गोमती नगर के सेक्टर-1, वर्धन खंड में चित्रकथी आर्ट स्कूल की नई शाखा का विधिवत उद्घाटन किया गया। रंगों, रेखाओं और सृजनशीलता से भरे इस समारोह में कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन डीपीएस एक्सटेंशन शाखा की प्रिंसिपल रूपम सलूजा और डीपीएस जूनियर की वाइस प्रिंसिपल वरिंदर कौर ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व विकास में कला का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कला न केवल उनकी कल्पनाशक्ति को विस्तार देती है बल्कि उन्हें संवेदनशील और आत्मविश्वासी भी बनाती है।
चित्रकथी आर्ट स्कूल के निदेशक आशुतोष वर्धन ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्थान की परिकल्पना और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चित्रकथी आर्ट स्कूल का उद्देश्य केवल चित्र बनाना सिखाना नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में रची-बसी पारंपरिक और लोक कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान लुप्त होती कलाओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ उन्हें आधुनिक संदर्भों में नए कलेवर के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास करेगा, ताकि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम ही नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता और रोजगार का भी सशक्त आधार बन सके।
कार्यक्रम में शुभी अग्रवाल ने भी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि बच्चों के भीतर छिपी रचनात्मक प्रतिभा को सही मार्गदर्शन और वातावरण मिले तो वे कला के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने इस पहल को गोमती नगर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका मानना था कि इस नई शाखा के माध्यम से बच्चों और युवाओं को चित्रकला, लोककला और रचनात्मक अभिव्यक्ति के विविध आयाम सीखने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में कई विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहे। इनमें रेडियो जंक्शन की डायरेक्टर और आकाशवाणी एंकर आर जे शालिनी सिंह, प्रख्यात नेत्र सर्जन डॉ. बी. एन. चौधरी, लोकप्रिय गायक श्यामजीत यादव तथा आशीष गुप्ता विशेष रूप से शामिल रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच और रचनात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने चित्रकला से जुड़ी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों और कलाकृतियों का प्रदर्शन भी किया, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी इस पहल को बच्चों के लिए एक उपयोगी मंच बताया, जहाँ वे अपनी कल्पना और प्रतिभा को खुलकर व्यक्त कर सकेंगे।
समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कला प्रेमियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि चित्रकथी आर्ट स्कूल की यह नई शाखा आने वाले समय में लखनऊ की कला संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
This post was created with our nice and easy submission form. Create your post!